Author: JagranPublish Date: Thu, 26 May 2022 08:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 May 2022 08:15 PM (IST)
रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार लोगों को बेरोजगार बना रही : कांग्रेस
जागरण संवाददाता, जामताड़ा : 28 मई को केंद्र सरकार के 8 वर्ष पूरा होने पर कांग्रेस पार्टी द्वारा आज न्यू टाउन स्थित जिला अध्यक्ष के आवास पर प्रेस कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए और देश में नफरत फैलाने की बात कही। जिला अध्यक्ष मुक्ता मंडल ने कहा कि चुनाव से पूर्व केंद्र सरकार ने तरक्की करने की बात कही थी और महंगाई घटाने की बात कही थी, लेकिन आज मंदिर, मस्जिद, श्मशान, कब्रिस्तान, बुलडोजर और लाउड स्पीकर आदि के नाम पर लोगों को लड़ा रही है। महंगाई चरम पर है। कांग्रेस के शासनकाल में पेट्रोल डीजल 50 से 70 रुपये के बीच हुआ था, लेकिन अब उसकी कीमत 100 के पार चली गई। यही नहीं प्रत्येक वर्ष दो करोड़ रोजगार देने की बात करनेवाली केंद्र सरकार ने 5 साल में सवा करोड़ महिलाओं का रोजगार छीन चुकी है। यही नहीं पिछले 4 महीने में 2500000 महिलाओं को रोजगार से हाथ धोना पड़ा। सब्सिडी काटी जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं। मनरेगा का बजट काट लिया गया है। इस दौरान वरीय कांग्रेसी अशोक नायक, सचिंद्र नाथ घोष, अरूप राय व अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।
Edited By: Jagran